बकरी खोजने गई किशोरी का हाथ पकड़कर ले जाने का प्रयास, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
बिल्सी। नगर के एक मोहल्ले में किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला संख्या चार निवासी एक महिला ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री मंगलवार को करीब 11 बजे घर से बकरी खोजने के लिए मोहल्ले के पास खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के ही शिवम ने उसकी पुत्री का हाथ पकड़ लिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। आरोप है कि बाद में शिकायत करने पर आरोपी के पिता प्रमोद ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया।
पीड़िता की मां ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Budaun Amarprabhat