पेड़ और बिजली पोल गिरे, कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली
बदायूं। जनपद में बीते सप्ताह पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो-तीन दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आंधी और बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक चली तेज आंधी और बारिश ने कई जगह तबाही के हालात पैदा कर दिए।
बुधवार रात अचानक तेज आंधी के साथ गरज-चमक और झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन कई इलाकों में नुकसान भी हुआ। दातागंज क्षेत्र में तेज हवा के चलते उड़कर गिरी टीन शेड से एक लग्जरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं दातागंज-बरेली मार्ग, उसावा और उसहैत क्षेत्र में सड़क किनारे कई पेड़ और टहनियां गिर गईं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर घंटों जाम जैसे हालात बने रहे।
तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली के पोल और तार भी टूट गए, जिससे जनपद के तमाम इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने और तेज हवाओं के कारण फसलें गिरने से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Budaun Amarprabhat