संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया रोग के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा।
रक्त केन्द्र विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2023 बैच के नर्सिंग छात्रों ने ओपीडी हॉल में थैलेसीमिया जागरूकता प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार एवं नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. श्रीनिवासन गांधी के निर्देशन में किया गया।
इस दौरान फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. लालेन्द्र यादव तथा पैथोलॉजी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. वैशाली ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने किया।
शिविर में 10 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से दो रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार एवं रक्त केन्द्र प्रभारी डॉ. वैशाली सिंह ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं ब्लड डोनेशन कार्ड प्रदान किए।
प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि थैलेसीमिया जैसे गंभीर रोग में मरीजों को नियमित रक्त की आवश्यकता होती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी डॉ. सुचेता यादव ने थैलेसीमिया से संबंधित प्रीनेटल स्क्रीनिंग की जानकारी देते हुए बताया कि थैलेसीमिया मरीजों को ब्लड बैंक से बिना रक्तदान किए भी रक्त उपलब्ध कराया जाता है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार गत वर्ष संस्थान में कुल 999 रक्तदान हुए, जिनमें 938 रिप्लेसमेंट डोनेशन एवं 61 स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से प्राप्त किए गए। संस्थान में ब्लड कम्पोनेंट्स निर्माण की सुविधा भी उपलब्ध है।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह, सहायक आचार्य डॉ. श्रवण कुमार भार्गव, डॉ. श्वेता कनौजिया, डॉ. मयंक सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में लैब टेक्नीशियन रजनीश कुमार पटेल एवं नर्सिंग स्टाफ सालवी राठौर का विशेष योगदान रहा।
Budaun Amarprabhat