Breaking News

मानसून से पहले एक्शन में पालिका, 70 नालों की तलीझाड़ सफाई शुरू

Spread the love

जलभराव रोकने को जेसीबी और सफाई कर्मियों की टीमें मैदान में, खुद मॉनिटरिंग कर रहीं पालिकाध्यक्ष

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। मानसून से पहले शहर को जलभराव से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद बदायूं ने बड़े स्तर पर नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में शहर के करीब 70 छोटे-बड़े नालों की युद्धस्तर पर तलीझाड़ सफाई कराई जा रही है। नगर पालिका की टीमें लगातार विभिन्न इलाकों में पहुंचकर सफाई कार्य में जुटी हैं, जबकि अधिकारी मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रहे हैं।

पालिका प्रशासन का कहना है कि समय रहते नालों की सफाई नहीं होने पर बरसात में शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। इसी को देखते हुए मानसून से पहले व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रहे और नागरिकों को राहत मिल सके।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने बताया कि नाला नोडल प्रभारी एवं मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब के नेतृत्व में सफाई कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जोनवार नालों की सफाई की जिम्मेदारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 10 बड़े और 60 छोटे एवं मझोले नाले हैं, जिनकी सफाई पालिका अपने संसाधनों, कर्मचारियों और मशीनों के माध्यम से करा रही है। कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों से भारी मात्रा में सिल्ट हटाई जा रही है, जबकि सफाई कर्मचारी तलीझाड़ सफाई कर जल प्रवाह को सुचारु बनाने में जुटे हैं।

पालिका द्वारा प्राथमिकता के आधार पर जफा की कोठी से टेलीफोन एक्सचेंज, ब्रह्मपुर, इमली चौक, कैलाश टॉकीज, छह सड़का, गोपी चौक, सराय फकीर और लालपुल से सोत नदी तक के नालों की सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा साहू धर्मशाला से मछली बाजार, चुना मंडी होते हुए पुष्पम होटल तक, प्रकाश कोल्ड स्टोर से लावेला, अंबेडकर पार्क से जेल के पीछे होते हुए नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग एवं परशुराम छात्रावास तक के नालों की सफाई का कार्य भी जारी है।

इसी क्रम में सिग्लर स्कूल पुलिया से नेकपुर होते हुए सोत नदी तक, नाला अली शहीद, वाल्मीकि बाल निकेतन से लोटनपुरा तिराहा तक, कच्ची लीक नाला तथा बदायूं क्लब के सामने पुलिया से रोडवेज चौराहा होते हुए रोशन साहब की मजार तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब ने बताया कि नालों से निकलने वाली सिल्ट को तत्काल हटाने के लिए अलग से टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पानी सूखने के तीन दिन के भीतर सिल्ट हटाने का कार्य पूरा किया जा रहा है, ताकि सड़कों पर गंदगी न फैले।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कारगिल कुम्हारों वाली पुलिया से छह सड़का होते हुए वी मार्ट तिराहे तक नाले की तलीझाड़ सफाई कराई गई। वहीं सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार की निगरानी में सोत नदी से लालपुल चौराहा, पक्का बाग होते हुए लोटनपुरा तक सफाई कार्य कराया गया।

पालिका प्रशासन का दावा है कि मानसून शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख जलनिकासी मार्गों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

डीआईजी ने की कानून-व्यवस्था और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

Spread the loveकछला गंगा घाट का निरीक्षण, पुलिस लाइन में किया वृक्षारोपण और बिनावर थाने …

error: Content is protected !!