संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़े सदस्य डॉ. सत्यपाल के आवास पर एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीबी मरीजों के पोषण एवं स्वास्थ्य सहायता को लेकर चर्चा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाती रही है। उन्होंने बताया कि डॉ. सत्यपाल लगातार क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराते रहे हैं। इसी क्रम में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भी 20 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री वितरित की गई।
उन्होंने कहा कि क्षय रोग विभाग एवं समस्त स्वास्थ्य विभाग रेडक्रॉस सोसाइटी का आभारी रहेगा। साथ ही जनपद की अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं से भी अपील की कि वे आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराएं, जिससे मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिल सके और समाज को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य जल्दी हासिल हो सके।
कार्यक्रम में सुदेश सक्सेना डीपीटीसी/एसटीएस, संदीप राजपूत, सूरजपाल सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं सहयोगी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat