इत्र वर्षा, फूलों की होली और बाबा की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
संवाददाता : गोविंद देवल
उघैती। क्षेत्र के गांव खितौरा में गुरुवार रात बाबा श्याम के भक्तों द्वारा भव्य श्याम संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। गांव के प्राचीन देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में देर रात तक भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत रात करीब आठ बजे बाबा खाटू श्याम के अलौकिक श्रृंगार के साथ हुई। इसके बाद बाबा का भव्य दरबार सजाया गया, जिसे रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक रूप दिया गया। श्रद्धालुओं ने 56 भोग अर्पित कर अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
संकीर्तन में वृंदावन से पहुंचे अमन मिश्री तथा बबराला की भजन गायिका मिनी गौरी साक्षी ने अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाबा के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर होकर झूमते रहे।
कार्यक्रम के दौरान इत्र वर्षा और फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। वहीं बाबा की भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात करीब दो बजे विशाल आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
गद्दी सेवादार बिजेंद्र पाठक एवं मोनू कुमार ने बाबा की सेवा संभाली। कार्यक्रम में दूरदराज से आए श्याम प्रेमियों को समिति की ओर से प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिषेक गुप्ता, बंटू शर्मा, तेजेन्द्र सोलंकी, चिराग गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, साजन सोलंकी, डॉ. अशोक यादव, पुष्पेंद्र शर्मा, रिंकू भारद्वाज, नवीन गुप्ता, संतोष कश्यप एवं राजू कश्यप सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat