Breaking News

“महाराणा प्रताप सिर्फ मेवाड़ नहीं, पूरे राष्ट्र के गौरव”, शौर्य दिवस पर बदायूं में उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

फूलों से सजे महाराणा प्रताप चौक पर हुआ माल्यार्पण, शहर में निकली भव्य शोभायात्रा; हल्दीघाटी की माटी से हुआ तिलक, प्रतिभाओं का सम्मान

बदायूं। महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट एवं क्षत्रिय महासभा बदायूं के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय शौर्य दिवस एवं महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। पुष्पों से सुसज्जित महाराणा प्रताप चौक पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और संगठन पदाधिकारियों ने राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद शहर में डीजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह लस्सी और ठंडे पानी का वितरण भी किया गया।

जनपदभर में सैकड़ों स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली गईं। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक बिल्सी हरीश शाक्य, ब्लॉक प्रमुख दातागंज अतेंद्र विक्रम सिंह, उसावां चेयरमैन पति अनिल चौहान, डॉ. वीरेश सिंह, रामवीर सिंह भदौरिया, आनंद सिंह वैस, रवि प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य झंडू भइया समेत कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद स्काउट भवन बदायूं में जिला संयोजक मुनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को हल्दीघाटी की माटी से तिलक लगाया गया। प्रतिभाशाली बच्चों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। भामाशाह सम्मान-2026 ध्रुव देव गुप्ता तथा हाकिम खां सूरी सम्मान-2026 जहीर अहमद को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कवि सम्मेलन ने भी समां बांध दिया।

मुख्य अतिथि विधायक कटरा डॉ. वीर विक्रम सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप सच्चे राष्ट्रभक्त और महान योद्धा थे। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी वीरता की गाथाएं आज भी पूरे विश्व में प्रेरणा देती हैं।

पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुड्डो देवी ने महाराणा प्रताप को महान योद्धा के साथ प्रकृति प्रेमी, कवि और समाज के हर वर्ग का सम्मान करने वाला व्यक्तित्व बताया। वहीं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि महाराणा प्रताप को केवल मेवाड़ तक सीमित नहीं किया जा सकता, वे पूरे भारत के गौरव और भारत माता के सच्चे सपूत थे।

कार्यक्रम में क्षत्रिय युवा सभा, महिला सभा, सैनिक सभा, अधिवक्ता सभा, शिक्षक सभा और व्यापार सभा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन जिला संगठन मंत्री भूराज सिंह ने किया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मदर एथीना स्कूल में ‘अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस’ पर खिलाड़ियों ने दिखाए रणनीतिक दाँव-पेंच

Spread the loveविद्यार्थियों ने तर्कशक्ति और निर्णय लेने की क्षमता का किया प्रदर्शन, निदेशिका ने …

error: Content is protected !!