शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की ओर से सोमवार को मालवीय आवास गृह में किसानों एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत के बाद संगठन पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों संबंधी ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
पंचायत को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने कहा कि जिले में कुछ निजी विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों की बिक्री एवं अन्य शैक्षिक व्यवस्थाओं को लेकर अभिभावकों की ओर से शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे आंदोलन की रणनीति बना सकता है।
जिला महासचिव बीईशू दास ने निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम में दवाओं की उपलब्धता और कीमतों को लेकर शिकायतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
जिला प्रभारी कृष्ण अवतार शाक्य ने भैंसोर नदी को अवैध कब्जों से मुक्त कराने तथा गोशालाओं की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता है।
प्रदेश सचिव आसिम उमर ने उझानी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्य के कारण आम लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला सचिव महेंद्र पाल ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए फॉगिंग एवं दवा छिड़काव कराने की मांग की। साथ ही सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पंचायत में संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat