Breaking News

“भाग्यशाली लोगों को ही मिलेगा पीने योग्य पानी”, शीतल जल सेवा शिविर में बोले संजीव शर्मा

Spread the love

जल संकट को लेकर स्काउट गाइड ने जगाई अलख

भीषण गर्मी में राहगीरों को पिलाया शीतल जल, बच्चों के सेवा भाव की हुई सराहना

संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर लगाए गए निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के 12वें दिन भी सेवा कार्य पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। स्काउट गाइड के बच्चों ने राहगीरों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को शीतल जल पिलाकर राहत पहुंचाई। सेवा कार्य में जुटे बच्चों के समर्पण और अनुशासन की लोगों ने जमकर सराहना की।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज सेवा ही स्काउट गाइड की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां लोग अपने निजी कार्यों में व्यस्त हैं, वहीं बच्चों द्वारा मानवता की सेवा करना प्रेरणादायक है।

जिला रोवर आयुक्त डॉ. मनवीर सिंह ने कहा कि सेवा, अनुशासन और संस्कार स्काउट गाइड आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने जल संकट को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि आने वाले समय में पीने योग्य पानी केवल भाग्यशाली लोगों को ही उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि लगातार घटते जल स्रोत भविष्य के लिए खतरे की घंटी हैं। यदि अभी से जल संरक्षण को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आने वाली पीढ़ियों को भारी संकट झेलना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से जल की प्रत्येक बूंद बचाने और वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की।

जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन मानव जीवन के लिए खतरा बन चुका है। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

पूर्व शिक्षक रामनिवास गुप्ता ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन की आधारशिला है और इसका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वहीं पार्वती आर्य संस्कृति कन्या इंटर कॉलेज की गाइड कैप्टन रेनू गुप्ता और डाल कुमारी ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।

शिविर में स्काउट गाइड के बच्चों ने लोगों को शीतल जल पिलाने के साथ जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने के प्रति भी जागरूक किया। इस दौरान रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, मोहिनी, कीर्ति, वैष्णवी, अनुष्का, कृष्णा और आरुषि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

प्रेम कॉलोनी में धूमधाम से मनाया दही हांडी महोत्सव

Spread the loveनन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह से लिया हिस्सा, श्रीकृष्ण बने अक्षत ने दिखाई मनमोहक …