काशीराम कॉलोनी में वृद्धा का शव मिलने से सनसनी
कई दिनों से नहीं दिखी महिला, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया
अकेले रहकर गुजर-बसर करती थीं पतंग देवी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
संवाददाता : आई एम खान, बिसौली
नगर की काशीराम कॉलोनी में मंगलवार को एक वृद्ध महिला का शव घर के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार काशीराम आवास ब्लॉक-1 स्थित क्वार्टर नंबर 7 में रहने वाली पतंग देवी पत्नी स्वर्गीय रामनिवास वाल्मीकि पिछले कई दिनों से घर से बाहर दिखाई नहीं दी थीं। मंगलवार को मोहल्ले के कुछ बच्चों ने खेलते समय दरवाजे से अंदर झांककर देखा तो महिला खाट पर अचेत अवस्था में दिखाई दी। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाल कमलेश मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। कमरे में काफी समय से बंद रहने के कारण दुर्गंध फैली हुई थी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जाता है कि मूल रूप से कस्बा मुड़िया निवासी पतंग देवी अपने पति के साथ पिछले करीब दस वर्षों से यहां रह रही थीं। लगभग चार वर्ष पूर्व पति की मृत्यु के बाद वह अकेले रहकर जीवनयापन कर रही थीं।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार महिला करीब दस दिनों से दिखाई नहीं दी थीं। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Budaun Amarprabhat