ब्रह्मदत्त गौशालाधाम में शुरू हुई “गोमाता जल सेवा”
अब सैकड़ों गोवंशों को 24 घंटे मिलेगा स्वच्छ पानी, ऑटोमेटिक व्यवस्था का शुभारंभ
प्रिया गुप्ता की स्मृति में रुपनारायण एंड संस परिवार ने कराई सेवा व्यवस्था
संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं
दातागंज मार्ग स्थित श्रीमद ब्रह्मदत्त गौशालाधाम में मंगलवार को “गोमाता जल सेवा” का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही यह जनपद का पहला ऐसा गौशालाधाम बन गया, जहां सैकड़ों गोवंशों के लिए 24 घंटे पीने के पानी की ऑटोमेटिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
इस सेवा व्यवस्था का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं होती। धर्मग्रंथों में गौमाता को देवी-देवताओं का स्वरूप बताया गया है और उनकी सेवा करना पुण्य का कार्य है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मदत्त गौशालाधाम में निस्वार्थ भाव से गोवंशों की सेवा की जा रही है। अब भीषण गर्मी में भी गायों को 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहेगा, जिससे यह धाम गौसेवा का प्रेरणादायी केंद्र बन गया है।
गोमाता जल सेवा की व्यवस्था कराने वाले रुपनारायण एंड संस परिवार के अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका परिवार कई वर्षों से गौशाला धाम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां आकर ऐसा अनुभव होता है जैसे वृंदावन पहुंच गए हों। चारों ओर गौमाता और कान्हा जी के भजनों के बीच सेवा करने से आत्मिक शांति मिलती है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा उनकी सुपुत्री प्रिया गुप्ता की स्मृति में कराई गई है। कार्यक्रम के दौरान गौशाला में भूसा सेवा करने वाले परिवारों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्री राधा रसिक विहारी मंडल बदायूं के सूर्यप्रकाश और उनकी मंडली ने भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया।
गोपालक सचिन भारद्वाज “यशोधन” ने कहा कि गौशाला धाम का उद्देश्य केवल गोसेवा ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में सेवा और संस्कार की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में गौसेवा के संस्कार विकसित होते हैं।
कार्यक्रम में शशि गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अजय गुप्ता, सुभाष चंद्र गुप्ता, केएल गुप्ता, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, इंद्रेश रस्तोगी, उमेश रस्तोगी, प्रमोद राधा गोयल, अनिल जटवानी, रूपेंद्र सिंह लाम्बा, शरद सक्सेना, अमलेश गुप्ता, अशोक नारंग, मनीष जैन, आरके उपाध्याय, नीरज सक्सेना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat