शहर विधायक आकाश सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर विभाग को समर्पित किए चार वाहन
ट्रांसफार्मर फुुंकने पर ट्रॉलियों के रूप में भी हो सकेगा प्रयोग, बिजली आपूर्ति में होगा सुधार
राहुल मौर्य
रामपुर। बिजली विभाग अब बिजली लाइनों में फाल्टों एवं अन्य तकनीकी कमियों को त्वरित तरीके से निस्तारित कर सकेेगा। इसके लिए विभाग को चार गाड़ियां मिली हैं, जिनका इस्तेमाल तकनीकी समस्या आने पर शीघ्र आपूर्ति चालू करने के लिए किया जाएगा। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर चारों वाहन बिजली विभाग के लिए रवाना किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने न सिर्फ बिजली व्यवस्था दुरूस्त की है, बल्कि तकनीकी दिक्कतों के कारण आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए भी पुख्ता कदम उठाए जा रहे हैं।
कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना ने किया। इसके बाद उन्होंने व अधीक्षण अभियंता सतेंद्र चौहान ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर शहर विधायक ने कहा कि पहले तकनीकी खामियों के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी, लेकिन अब आधुनिक संसाधनों और त्वरित कार्रवाई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि विभाग को मिली ये चार गाड़ियां बिजली लाइनों में आने वाले फॉल्ट को जल्द ठीक करने में सहायक होंगी। साथ ही ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति में इन वाहनों का उपयोग ट्रॉलियों के रूप में भी किया जा सकेगा, जिससे खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने में आसानी होगी और बिजली आपूर्ति जल्दी बहाल की जा सकेगी।
अधीक्षण अभियंता सतेंद्र चौहान ने कहा कि इन वाहनों के विभाग को मिलने से तकनीकी टीमों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान का समय कम होगा तथा आपूर्ति व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रयासरत है। नई तकनीक और संसाधनों के माध्यम से बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है ताकि आम जनता को निर्बाध बिजली मिल सके। इस अवसर अधिशासी अभियंता तकनीकी अनुराग सिंह, अधिशासी अभियंता वाणिज्य पीके शर्मा, धीरेंद्र मोहन ससक्सेना उर्फ पप्पू आदि उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat