Breaking News

यातायात पुलिस ने लौटाया नकदी और जेवर से भरा खोया बैग

Spread the love

यातायात पुलिस ने लौटाया नकदी और जेवर से भरा खोया बैग

सीसीटीवी और ई-चालान ऐप की मदद से मिली सफलता, ऑटो चालक की ईमानदारी की सराहना

बदायूं। यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति का जरूरी सामान से भरा खोया हुआ बैग तलाश कर उसे सकुशल वापस लौटाया। बैग में 61 हजार 300 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, घड़ी और अन्य सामान रखा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश उपाध्याय के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैग को बरामद किया।

पुलिस के अनुसार ओमकार निवासी ग्राम सोई थाना कुँवरगांव ने यातायात कार्यालय पहुंचकर बताया कि वह 15 मई को गांव से बदायूं आते समय इंद्रा चौक के पास ऑटो से उतर गए थे और उनका बैग टेंपो में ही छूट गया। बैग में नकदी सहित कीमती सामान रखा था।

टीएसआई ललित कुमार ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इंद्रा चौक क्षेत्र के कैमरों की जांच के दौरान संबंधित टेंपो का नंबर दिखाई दिया। ई-चालान ऐप की सहायता से वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई गई और चालक मनोज कुमार निवासी दबरई थाना सिविल लाइन बदायूं से संपर्क किया गया।

टेंपो चालक ने बताया कि बैग वाहन में छूट गया था। इसके बाद चालक को बैग सहित यातायात कार्यालय बुलाया गया। ओमकार और उनकी पत्नी शकुंतला देवी की मौजूदगी में बैग खोला गया, जिसमें 61,300 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, हाथ घड़ी एवं अन्य सामान सुरक्षित मिला।

अपना सामान वापस मिलने पर ओमकार ने यातायात पुलिस का आभार जताया और टेंपो चालक मनोज कुमार की ईमानदारी की सराहना की। यातायात पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल मुईन हुसैन, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार, राहुल यादव एवं महिला कांस्टेबल ऋतु रानी सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

31 जुलाई तक करें नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन

Spread the loveबदायूं। जवाहर नवोदय विद्यालय, सीकरी बदायूं में सत्र 2027-28 की कक्षा 6 में …

error: Content is protected !!