Breaking News

“बैंक नहीं तो वोट नहीं” के नारों के बीच ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों से मांगा जवाब

Spread the love

बैंक स्थानांतरण के विरोध में महिलाओं का धरना, गूंजे नारे

“बैंक नहीं तो वोट नहीं” के नारों के बीच ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों से मांगा जवाब

बदायूं। बिल्सी तहसील क्षेत्र के ग्राम रियो नाई में स्टेट बैंक शाखा के प्रस्तावित स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष अलका यादव ने की। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और बैंक स्थानांतरण का विरोध करते हुए नारेबाजी की।

धरना स्थल पर महिलाओं ने “बैंक नहीं तो वोट नहीं” और “बैंक नहीं तो शराब का ठेका नहीं” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

तहसील अध्यक्ष अलका यादव ने कहा कि यदि बैंक को गांव से हटाया गया तो ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं आंदोलन की कमान संभालेंगी।

वहीं जिला अध्यक्ष रामा शंकर शंखधार ने कहा कि बैंक अधिकारी जनता के बीच आकर यह स्पष्ट करें कि 38 वर्षों से संचालित बैंक शाखा का स्थानांतरण आखिर क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक यहां किसी प्रकार की समस्या या दुर्घटना नहीं हुई, फिर भी बैंक हटाने का निर्णय ग्रामीणों की समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थाएं जनहित के लिए होती हैं और जनता को उनसे सेवाएं लेने का अधिकार है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बैंक स्थानांतरण का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं किसान मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू में दीक्षारंभ 2025 के समापन सत्र में समझाई छात्रों को यूनिवर्सिटी की रीति-नीति

Spread the love तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में यूजीसी एवम् केन्द्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के …