नकब लगाकर दो घरों में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत

रिपोर्ट : गुड्डू रस्तोगी, कुंवरगांव
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीती रात गांव दुगरैय्या में अज्ञात चोरों ने दो घरों में नकब लगाकर नगदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के लोग भीषण गर्मी के चलते घर के बाहर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
गांव निवासी निकत पत्नी नत्थू के अनुसार रात में परिवार के लोग आंगन और बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे की दीवार काटकर घर में घुस आए और कमरे में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने का हार तथा लगभग 12 ग्राम की सोने की झुमकी चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और नगदी व जेवर गायब मिले।
चोरों ने पड़ोस में रहने वाले शफी अहमद के घर को भी निशाना बनाया। वहां भी दीवार काटकर घर में प्रवेश किया गया और करीब 50 हजार रुपये की नगदी सहित सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी बड़ी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले गांव के पंचायत घर में हुई चोरी के मामले में भी अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पीड़ित परिवारों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
Budaun Amarprabhat