जिलेभर में चलाए गए अभियान में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर भी शिकंजा
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शस्त्र के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं विभिन्न थाना क्षेत्रों से आठ वांछित अभियुक्तों और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने नाजिम पुत्र नन्हे निवासी वार्ड नंबर 8 कस्बा बिल्सी को एक अवैध 12 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।
इसी क्रम में थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने पोक्सो एक्ट और मारपीट के मामले में वांछित चल रहे लोचन पुत्र पुरनमल निवासी तर्क परौली को गिरफ्तार किया। थाना बिल्सी पुलिस ने मारपीट और धमकी के मामले में दुर्वेश और ओमवती निवासी रिसौली पट्टी मोहन को दबोचा।
थाना उसावां पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित प्रेमपाल सिंह ज्वाला जाटव और महेंद्र को गिरफ्तार किया, जबकि थाना उघैती पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में श्रीपाल निवासी खितौरा को पकड़ा। थाना बिसौली पुलिस ने पोक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के मामले में वांछित मूलचंद्र उर्फ मुल्लू को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा थाना इस्लामनगर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट और मारपीट के मामले में वांछित परवेज को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।
उधर, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अलापुर पुलिस ने अब्दुल खालिद को गिरफ्तार किया, जबकि थाना कुँवरगांव पुलिस ने अवनीश और विकास को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat