कुँवरगांव पुलिस का नशे के कारोबार पर वार, 45 हजार की डोडा छिलका संग युवक गिरफ्तार
दुगरैया के कच्चे रास्ते से दबोचा गया आरोपी, कट्टे में भरा मिला 6 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ
संवाददाता : गोविंद देवल
कुँवरगांव। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुँवरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में डोडा छिलका के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 340 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना कुँवरगांव पुलिस ने ग्राम दुगरैया स्थित ट्यूबवेल के आगे कच्चे रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी प्रदीप कुमार यादव पुत्र रक्षपाल सिंह यादव निवासी ग्राम बादल थाना कुँवरगांव बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 6 किलो 340 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना कुँवरगांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी नहीं होने दी जाएगी।
Budaun Amarprabhat