अमर ज्योति यूनिवर्स कंपनी के तीन मुख्य आरोपी फरार, कोर्ट के आदेश पर घरों पर हुई मुनादी
निवेशकों के करोड़ों रुपये गबन मामले में 50-50 हजार के इनामी आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसना शुरू
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी के जरिए लोगों के फर्जी खाते खोलकर धनराशि गबन करने के मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोर्ट के आदेश पर तीनों आरोपियों के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा तामील कराते हुए मुनादी कराई गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी जल्द न्यायालय में पेश नहीं हुए तो उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।
थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमे के अनुसार मोहल्ला कमंग्रान निवासी अशद अहमद खान समेत अन्य लोगों की शिकायत पर अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी के निदेशकों पर फर्जी खाते और जाली पासबुक तैयार कर खाताधारकों की रकम हड़पने का आरोप लगा था। मामले में थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश जमाकर्ता हित संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक कंपनी के निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य निवासी राधिका कुंज कॉलोनी, थाना बारादरी बरेली लंबे समय से फरार चल रहे हैं। तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं द्वारा जारी उद्घोषणा आदेश के बाद विवेचक और थाना बारादरी पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों के घरों पर मुनादी कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Budaun Amarprabhat