Breaking News

पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का आरोपी नईम बाबू घायल, तमंचा व उपकरण बरामद

Spread the love

राहुल मौर्य
स्वार (रामपुर)। थाना स्वार पुलिस और कथित गौकशी आरोपी के बीच रविवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, पशु काटने के उपकरण और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक सोहनपाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भूवरी मार्ग पर ईंट भट्टे के पास एक व्यक्ति निराश्रित गौवंशीय पशुओं का वध करने की फिराक में मौजूद है। सूचना पर थाना पुलिस की दो टीमों ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि तालाब किनारे मोटरसाइकिल पर बैठे व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह मक्के के खेत की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नईम बाबू पुत्र फकीरा निवासी मोहल्ला रसूलपुर थाना स्वार बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, रस्सी, काली पॉलिथीन, गंडासा, छुरी और लकड़ी का गट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले से भी गौकशी के कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई गई।
क्षेत्राधिकारी स्वार अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और पशु काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

बिल्सी में फॉगिंग न होने से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, रातभर परेशान हो रहे लोग

Spread the loveबिल्सी, बदायूं। नगर में लंबे समय से फॉगिंग नहीं होने के कारण मच्छरों …

error: Content is protected !!