परिवारों को धमकाकर नकदी-जेवर समेटे, विरोध पर मारपीट; पुलिस जांच में जुटी
बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में मंगलवार की देर रात बदमाशों ने कई घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। मुस्तफाबाद नया मोहल्ला और सिठौली गांव में देर रात घुसे बदमाशों ने परिवारों को धमकाकर नकदी और जेवरात समेट लिए। कुछ स्थानों पर विरोध करने पर मारपीट की घटना भी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
मुस्तफाबाद नया मोहल्ला निवासी निजाकत के घर देर रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों के घुसने की बात कही गई है। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने परिवार के लोगों को कब्जे में लेकर अलमारी और बक्सों की चाबियां मांगीं। विरोध होने पर मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। परिवार ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले जाने का आरोप लगाया है।
परिवार के अनुसार घटना के समय घर के बताया जा रहा है कि बदमाशों के पास लाठी-डंडे और लोहे की रॉड जैसी वस्तुएं थीं।
सिठौली गांव में भी कई घर बने निशाना
इसी रात सिठौली गांव में भी कई घरों में चोरी और लूटपाट जैसी वारदातों की जानकारी सामने आई। कृष्णा देवी के घर में घुसे बदमाश जेवरात लेकर चले गए। वहीं प्रेमपाल जाटव के घर में भी चोरी की घटना हुई। परिवार के लोग छत पर सो रहे थे और सुबह सामान बिखरा मिला।
श्याम सिंह और उनके बेटे कुलदीप यादव के घर में भी बदमाशों के घुसने की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार महिला के कान का कुंडल छीन लिया गया। शोर होने पर परिवार के लोग जाग गए, जिसके बाद संदिग्ध मौके से भाग निकले।
इसके अलावा मुकेश कुमार के घर से भी मंगलसूत्र, पायल समेत अन्य सामान गायब होने की बात कही गई है। ग्रामीणों में घटनाओं के बाद दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटनाओं की सूचना पर इस्लामनगर थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बिल्सी केके तिवारी और एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat