एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास, महिलाओं के लिए सुरक्षित व सहज माहौल बनाने पर जोर
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को और मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने चित्रांश नगर में बनने वाले नए महिला थाना भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
नए महिला थाना भवन के निर्माण का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। प्रस्तावित भवन में परामर्श कक्ष, महिला आगंतुक कक्ष और आधुनिक कंप्यूटर कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार थाना परिसर को महिला हितैषी स्वरूप दिया जाएगा। यहां महिलाओं के साथ आने वाले बच्चों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है। नए महिला थाना के निर्माण से महिलाओं को बेहतर पुलिस सेवाएं और अधिक सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक बदायूं, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat