31 करोड़ से बदलेगी कछला-सहसवान रोड की तस्वीर, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया शिलान्यास
चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से जाम व हादसों से मिलेगी राहत, व्यापार और आवागमन को मिलेगी रफ्तार
संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग बुधवार को पूरी हो गई। कछला स्थित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री B. L. Verma और बिल्सी विधायक Harish Shakya ने हुसैनपुर-सहसवान मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क कछला गंगा घाट को सहसवान और बिल्सी क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। लंबे समय से सड़क की हालत जर्जर होने के कारण यहां आए दिन जाम और दुर्घटनाएं होती थीं।
सड़क के चौड़ीकरण के बाद कछला, हुसैनपुर, सहसवान समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही कृषि उत्पादों और स्थानीय व्यापार की आवाजाही तेज होने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब और किसानों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख उझानी शिशुपाल, कछला चेयरमैन जगदीश लोनिया, मुनीश राघव, जिला पंचायत सदस्य राजेश कुमार सिंह उर्फ झंडू भैया, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर, गिरीश पाल सिसौदिया, मोर सिंह लोधी, अजय तोमर, उदयवीर दिवाकर, शुखपाल वर्मा, धनपाल राजपूत, पवन सूर्यवंशी, शैलेश सिंह, लक्ष्मण कश्यप, आनंद मिश्रा, वीरेंद्र सभासद, मुकेश तोमर, अधिशासी अभियंता वंधना सोनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सभासद और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat