लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 का डीएम-एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखी
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों से भी बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नकल या अव्यवस्था की किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रमण और निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, व्यवस्थापक तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat