बच्चे की मौत के बाद पालिका की टीम पहुंची थी न्यू अलहम्द वाटर पार्क, जांच रोकने के लिए किया पथराव व अभद्रता
स्वीमिंग पूल संचालक मोहम्मद सलीम और साथियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर कोतवाली में तहरीर
अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूं। शहर के दरगाह रोड स्थित न्यू अलहम्द वाटर पार्क में मानकों की जांच करने पहुंची नगर पालिका परिषद की 10 सदस्यीय आधिकारिक टीम पर स्वीमिंग पूल संचालक और उसके साथियों द्वारा जानलेवा हमला, अभद्रता और गाली-गलौज करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है । आरोपियों ने न सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की, बल्कि टीम में शामिल सफाई कर्मचारियों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया । इस मामले में पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है ।
बच्चे की मौत के बाद गठित हुई थी जांच कमेटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के माध्यम से यह संज्ञान में आया था कि बदायूं के स्वीमिंग पूलों में संचालकों द्वारा मानकों की भारी अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते हाल ही में एक मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी । इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने जनहित में २५ मई २०२६ को एक कार्यालय आदेश (पत्रांक-28/CO/2026-27) जारी कर 10 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था । इस कमेटी का अध्यक्ष सहायक अभियंता (जल) नितिन सक्सेना को बनाया गया था । कमेटी को तीन दिनों के भीतर शहर के सभी स्वीमिंग पूलों की एनओसी, जल निकासी, सुरक्षा मानक और सार्वजनिक स्वास्थ्य मानकों की जांच कर आख्या सौंपनी थी ।
एनओसी और दस्तावेज मांगते ही भड़क गए पूल स्वामी
निर्धारित निर्देशों के अनुपालन में आज २६ मई २०२६ को सुबह लगभग ११:१५ बजे कमेटी के अध्यक्ष नितिन सक्सेना, लिपिक सचिन सक्सेना, मुख्य सफाई निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाईनायक आनंद व उमेश सहित १० सदस्यों और सफाई कर्मचारियों की टीम न्यू अलहम्द वाटर पार्क (दरगाह रोड) पर जांच के लिए पहुंची ।
जब टीम ने स्वीमिंग पूल के अंदर प्रवेश कर संचालक श्री मोहम्मद सलीम (पुत्र श्री मोहम्मद मियां) से संचालन से संबंधित एनओसी, अनुमति और सुरक्षा मानकों के वैधानिक दस्तावेज मांगे, तो वह और उसके साथी अचानक उग्र हो गए ।
टीम को बंधक बनाने का प्रयास, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग
कमेटी द्वारा दी गई आधिकारिक आख्या के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सलीम और उसके साथियों ने टीम को जांच में किसी भी प्रकार का सहयोग देने से साफ इनकार कर दिया और स्वीमिंग पूल परिसर के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया । आरोपियों ने पूरी सरकारी टीम को घेरकर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और उन्हें जान से मारने की कोशिश की । यही नहीं, मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों और सफाई नायकों को अत्यंत अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित किया गया ।
अध्यक्ष व ईओ के निर्देश पर तत्काल प्राथमिकी के आदेश
सरकारी कार्य में बाधा और टीम पर हमले की सूचना कमेटी के अध्यक्ष नितिन सक्सेना द्वारा तत्काल पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को दी गई । मामले की गंभीरता और कर्मचारियों के अपमान को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए । पालिका प्रशासन के आदेश पर सहायक अभियंता नितिन सक्सेना ने कोतवाली प्रभारी को लिखित तहरीर देकर आरोपी मोहम्मद सलीम व उसके अन्य अज्ञात साथियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवकों पर हमला करने और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है । इस घटना की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूं और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है ।
Budaun Amarprabhat