परिजनों ने बिना जांच उपचार करने का लगाया आरोप, पुलिस को दी तहरीर
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में पेट दर्द की शिकायत पर झोलाछाप से उपचार कराना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने और ग्लूकोज चढ़ाने के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई। बिसौली ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव गिरधरपुर निवासी छोटेलाल पुत्र जोहरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 मई की सुबह उनकी पत्नी ललिता को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने गांव के ही एक झोलाछाप केशव पुत्र राम सिंह को घर बुलाया।
आरोप है कि झोलाछाप ने बिना किसी जांच या परीक्षण के महिला को इंजेक्शन लगा दिया और ग्लूकोज चढ़ा दिया। इसके कुछ देर बाद ही महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे उपचार के लिए बिसौली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में करीब साढ़े बारह बजे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्वजन में रोष व्याप्त है। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat