इस्लामनगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूटकांड का खुलासा
जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार; लूटा गया माल और तमंचे बरामद
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूँ। इस्लामनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुंदरनगर गांव में हुई लूट की घटना का खुलासा कर तीन बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार 16/17 मई की रात सुंदरनगर गांव में घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में थाना इस्लामनगर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कंधरपुर के कच्चे रास्ते के पास बंद पड़े ईंट भट्ठे के निकट घेराबंदी की।
पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आस मोहम्मद और नदीम उर्फ शाकिर के पैर में गोली लगी, जबकि सद्दु को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल अमित कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में ले जाई गई एक जोड़ी पाजेब, दो ओम लॉकेट, एक अंगूठी, सात हजार रुपये नकद, एक टॉर्च तथा दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने सुंदरनगर गांव में घर में घुसकर महिला को डराकर जेवर और नकदी लूटने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि लूटा गया सामान ईंट भट्ठे के पीछे छिपाकर रखा था और उसे बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी सद्दु, आस मोहम्मद और नदीम उर्फ शाकिर निवासी सिरौली, बरेली बताए गए हैं। तीनों पर विभिन्न जिलों में हत्या के प्रयास, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Budaun Amarprabhat