भाजपा ने पांच जिलों के जिलाध्यक्ष घोषित किए
प्रदेश नेतृत्व ने जारी की सूची, संगठन को मजबूत करने पर जोर
संवाददाता : गोविंद देवल
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश संगठन ने बुधवार को पांच जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की ओर से जारी सूची में अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के जिलों को शामिल किया गया है।
जारी सूची के अनुसार अंबेडकर नगर से दिलीप देव पटेल, वाराणसी से राम सकल पटेल, चंदौली से काशीनाथ सिंह, गोरखपुर महानगर से रमेश प्रसाद गुप्ता तथा देवरिया से काली प्रसाद को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर रहेगा फोकस
भाजपा संगठन की ओर से जारी इस घोषणा को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने नए जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं।
यह सूची भाजपा प्रदेश कार्यालय, 7 विधानसभा मार्ग लखनऊ से 28 मई 2026 को जारी की गई। आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को भी प्रेषित की गई है।
Budaun Amarprabhat