Breaking News

भैंस चोरी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

Spread the love

रैपुरा में हुई भैंस चोरी का खुलासा, आरोपी के कब्जे से नकदी व तमंचा बरामद

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा में हुई भैंस चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के फायर से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार 17/18 मई 2026 की रात ग्राम रैपुरा से भैंस चोरी होने के मामले में थाना हजरतपुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।

मंगलवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति जमालपुर से गढ़िया शाहपुर रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के रुकने के इशारे के बावजूद संदिग्ध भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी जितेंद्र सिंह घायल हो गए।

पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी पप्पू उर्फ पापू उर्फ साजन पुत्र सिकंदर उर्फ पटवारी, निवासी ग्राम नदरई, थाना एवं जनपद कासगंज घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भैंस चोरी कर बेचने के बाद हिस्से में मिले 5,200 रुपये, एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 17/18 मई की रात रैपुरा गांव में भैंस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी पर अमरोहा, अलीगढ़ और कासगंज समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आरोपी के अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बाल सुरक्षा समिति की बैठक में साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी

Spread the love उसावां/म्याऊं। खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार निराला की अध्यक्षता में उसावां और …