Breaking News

प्रसव के बाद नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा; अस्पताल सील

Spread the love

राहुल मौर्य
मसवासी(रामपुर)। नगर के काशीपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल संचालक के खिलाफ हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल को सील कर दिया।
गांव सेमरा लाडपुर निवासी मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि बुधवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर अपनी पत्नी गुलनाज को काशीपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि करीब 12 घंटे तक प्रसव नहीं कराया गया। गुरुवार सुबह से ही महिला की हालत को लेकर परिजन चिंतित रहे।
बताया गया कि गुरुवार करीब 11 बजे महिला ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार अस्पताल में ही नवजात की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में प्रशिक्षित चिकित्सक और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के नोडल अधिकारी राजीव कुमार चंदेल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

डॉ. मदन मोहन लाल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात

Spread the loveराज्य में ‘संगीत नाटक अकादमी’ स्थापित करने का सौंपा प्रस्ताव बदायूँ। संगीत की …

error: Content is protected !!