शहजाद नगर-रजला माई मार्ग पर पुल निर्माण से दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ
संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शहजाद नगर से रजला माई मार्ग पर प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित सेतु निर्माण कार्य का शनिवार को विधायक हरीश शाक्य ने विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। लगभग 14 करोड़ 38 लाख 34 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस सेतु के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में पुल के अभाव में शहजाद नगर, रजला माई सहित आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से प्रभावित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि सेतु निर्माण पूरा होने के बाद किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी सुविधा होगी। बेहतर संपर्क मार्ग से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी रहेगी। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सत्यवीर सिंह, वेदप्रकाश राठौर, राजेश्वर पटेल, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर, नवनीत शाक्य, राहुल देव शाक्य, नरेंद्र गर्ल, सत्यपाल वार्ष्णेय, बादाम सिंह शाक्य, सतेंद्र पाल सिंह फौजी, गेंदन लाल शाक्य, ब्रह्मपाल सिंह, राकेश सिंह, भूरे सिंह, सोनी सिंह, दयानंद शर्मा, सुनील शाक्य, सतेंद्र तोमर, राजेश, पिंकू श्रीवास्तव, मनोज शाक्य, अरविंद शर्मा, अवनीश सिंह, धनपाल सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat