Breaking News

डीआईजी ने की कानून-व्यवस्था और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

Spread the love

कछला गंगा घाट का निरीक्षण, पुलिस लाइन में किया वृक्षारोपण और बिनावर थाने में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने गुरुवार को बदायूं दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा गोष्ठी में डीआईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा तथा पुलिस अधिकारियों के साथ जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण तथा गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में हिस्ट्रीशीटर, इनामी, टॉप-10 अपराधियों, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शस्त्रों से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई करने, महिला सुरक्षा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत डीआईजी ने जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। डीआईजी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया।

दौरे के दौरान डीआईजी ने थाना बिनावर पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक कक्ष के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया तथा मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने महिला सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह सहित सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले

Spread the love कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी ने जारी …

error: Content is protected !!