बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक, प्रतिभागियों को दिलाई गई शपथ
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नन्द किशोर पाठक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया।
कार्यशाला में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर प्रतिक्षा मिश्रा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
चाइल्ड हेल्पलाइन से जुड़े प्रतिनिधियों ने बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने मानव तस्करी, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
बाल कल्याण समिति की सदस्या सविता मालपाड़ी ने बालिकाओं की शिक्षा और संरक्षण पर जोर देते हुए अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की। वहीं बाल संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल कल्याण समिति अध्यक्ष नन्द किशोर पाठक ने कहा कि समाज में बालक और बालिका दोनों को समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने शिक्षा को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने का आह्वान किया।
अभियान की जानकारी देते हुए प्रोग्राम मैनेजर गंगा सिंह ने बताया कि जनपद के पांच विकास खंडों की 50 ग्राम पंचायतों में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल यौन शोषण के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विद्यालयों में नामांकन और सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई गई। अंत में संस्था की सचिव मीना सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संस्था के प्रतिनिधि अनुपम, दुर्गा, रूबी, सत्येंद्र सिंह, अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat