Breaking News

कबड्डी व खो-खो में बदायूं पुलिस का दबदबा, तीन ट्रॉफियां झटकीं

Spread the love

तृतीय अंतरजनपदीय पुलिस खेल प्रतियोगिता का समापन, डीआईजी ने विजेताओं को किया सम्मानित

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं के परेड ग्राउंड में आयोजित तृतीय अंतरजनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने विजेता टीमों को चल बैजंती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 जून से 5 जून तक किया गया, जिसमें बरेली जोन के आठ जनपदों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, जिम्नास्टिक एवं फेंसिंग खेलों का आयोजन हुआ।

खो-खो पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में बदायूं ने पीलीभीत को 27-18 अंकों से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में बदायूं ने मुरादाबाद को 13-5 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

महिला कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल में बदायूं ने मुरादाबाद को 33-31 अंकों से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। जबकि पुरुष कबड्डी वर्ग में पीलीभीत ने बदायूं को 30-22 अंकों से हराकर चल बैजंती ट्रॉफी अपने नाम की।

समापन समारोह में डीआईजी अजय कुमार साहनी ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, दीपेश कुमार, रामदास यादव, रामअवतार, सत्यवीर सिंह यादव एवं ज्योति सक्सेना शामिल रहीं। प्रतियोगिता का संचालन प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने किया, जबकि उद्घोषणा का दायित्व रविंद्र मोहन सक्सेना एवं कमलेश मिश्रा ने संभाला।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन रजनीश कुमार उपाध्याय तथा विभिन्न जनपदों से आए टीम मैनेजर और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

विजेता टीमें

खो-खो (पुरुष वर्ग) – बदायूं

खो-खो (महिला वर्ग) – बदायूं

कबड्डी (महिला वर्ग) – बदायूं

कबड्डी (पुरुष वर्ग) – पीलीभीत

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ बदायूं पुलिस ने तीन वर्गों में खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

न्यायालय सुरक्षा में तैनात उपनिरीक्षक का शव कमरे में मिला, पुलिस जांच में जुटी

Spread the loveपरिजनों के संपर्क न होने पर हुई जानकारी, फोरेंसिक टीम ने मौके से …

error: Content is protected !!