अलापुर। नगर पंचायत अलापुर के 14 निर्वाचित सभासदों ने नगर के मुख्य बाजार में जलभराव, जनसुरक्षा एवं पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। सभासदों का कहना है कि इन विषयों पर संतोषजनक प्रगति होने तक वे प्रस्तावित बोर्ड बैठक में शामिल नहीं होंगे।
सभासदों के अनुसार उन्होंने पूर्व में अध्यक्ष को लिखित रूप से पत्र देकर मुख्य बाजार में जलभराव की समस्या, आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी की कार्ययोजना, विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त नाली ढक्कनों एवं जालों की मरम्मत, नगर पंचायत की आय-व्यय संबंधी जानकारी तथा विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट को बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल करने का अनुरोध किया था।
सभासदों का कहना है कि मुख्य बाजार में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे बरसात के दिनों में व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि वर्षा ऋतु से पूर्व इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
इसके अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में नालियों पर लगे कुछ जाल एवं ढक्कन क्षतिग्रस्त होने की बात भी सभासदों ने उठाई है। उनका कहना है कि ऐसे स्थानों पर समय रहते मरम्मत कार्य कराया जाना जनसुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है।
सभासदों ने नगर पंचायत की आय-व्यय, विकास कार्यों की स्थिति तथा नगर निधि के उपयोग से संबंधित जानकारी निर्वाचित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि इससे कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।
संयुक्त रूप से जारी बयान में सभासदों ने कहा कि उनका उद्देश्य नगरहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना तथा जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि यदि जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई होती है तो इससे नगरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सभासदों ने उम्मीद जताई कि संबंधित मुद्दों पर शीघ्र विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे नगर की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
— संवाददाता
Budaun Amarprabhat