सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता बोले- समर्पण और ईमानदारी से कार्य करेंगे तो भारत बनेगा विश्व गुरु
बदायूं, 19 जून। सुशासन को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को डायट परिसर ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने लगन और मेहनत के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। कोरोना काल से जरूरतमंदों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त प्रदेश बना है और कई सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश ने देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा तथा श्रेष्ठा योजना परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों एवं विभिन्न विषयों में बेहतर मार्गदर्शन देने वाले 10 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह, डायट प्राचार्य गिरजेश चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat