
बदायूं। शहर के संतोष सिंह तिराहा से भामाशाह चौक (पुलिस लाइन) के बीच स्थित फ्लाईओवर पर एक्सपेंशन ज्वाइंट्स के मरम्मत कार्य के चलते लागू किए गए रूट डायवर्जन का मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के कारण करीब एक माह तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके चलते शहर के विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। एसएसपी ने संतोष सिंह तिराहा, भामाशाह चौक और नेकपुर अंडरपास क्षेत्र का निरीक्षण कर यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटीरत कर्मियों को आमजन को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने और डायवर्जन का प्रभावी ढंग से पालन कराने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन के अनुसार उसावां, ककराला और फर्रुखाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को केशव चौकी, मझिया मोड़, दातागंज तिराहा, नवादा चौराहा, पटेल चौक, आरटीओ चौराहा और मेडिकल तिराहा होकर निकाला जाएगा। वहीं कासगंज, एटा और मथुरा की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
बिल्सी, संभल और बिजनौर की ओर से आने वाले वाहनों को भी आरटीओ चौराहा, पटेल चौक, नवादा चौराहा, मझिया मोड़ और केशव चौकी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। रोडवेज बसों के संचालन के लिए भी अलग रूट तय किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बिल्सी मोड़, दातागंज तिराहा, पुलिस लाइन चौराहा, जेल तिराहा, संतोष सिंह तिराहा और मंडी चौकी चौराहे पर विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
संतोष सिंह तिराहा से भामाशाह चौक तक फ्लाईओवर बंद, छह प्रमुख चौराहों पर लागू रहेगा डायवर्जन
Budaun Amarprabhat