Breaking News

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस समेत तीन रेल सेवाओं का शुभारंभ, उत्तर से दक्षिण भारत की रेल कनेक्टिविटी हुई मजबूत

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल

बरेली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के साथ टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत से नई एवं विस्तारित रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, वहीं टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार भी शुरू किया गया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और लगभग संपूर्ण रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के 12 हजार नए कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से चार हजार कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं। आगामी त्योहारों के दौरान भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक एकता का नया सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आवागमन आसान होगा तथा पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई रेल सेवाओं से सिख श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।

पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित ट्रेन सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

समारोह में सांसद मिथलेश कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

एटीएम बदलकर 50 हजार रुपये निकालने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Spread the loveवजीरगंज पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड …

error: Content is protected !!