संवाददाता रवि शकंर
सहसवान (बदायूं)। नगर पालिका परिषद सहसवान के सफाई कर्मचारियों ने वेतन भुगतान न होने पर 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इस संबंध में स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ, शाखा सहसवान ने पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर अपना पक्ष रखा है।
संघ के महामंत्री हरीश लाल और अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि संगठन ने 30 जून को भी वेतन भुगतान को लेकर पत्र देकर अवगत कराया था। उस समय कहा गया था कि यदि 7 जुलाई तक कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया तो 8 जुलाई से कामबंद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
संघ का कहना है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा है। इसी कारण संगठन ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।
यदि हड़ताल शुरू होती है तो नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। बरसात के मौसम को देखते हुए नियमित सफाई और कूड़ा उठान बाधित होने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
उधर, कर्मचारियों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी और नगर पालिका प्रशासन शीघ्र समाधान निकालकर वेतन भुगतान की व्यवस्था करेंगे, जिससे हड़ताल की स्थिति टल सके और नगर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रहे।
Budaun Amarprabhat