संवाददाता रवि शंकर 
सहसवान (बदायूं)। सहसवान क्षेत्र के गांव खिरकवारी मानपुर में कुछ ग्रामीणों ने एक व्यक्ति और उसके साथियों पर जमीन पर अवैध कब्जा करने तथा दबंगई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहसवान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की कुछ जमीन पर पिछले कई महीनों से कब्जा कर अवैध रूप से उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वालों को धमकाया जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
वहीं एक पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की गई। परिवार का कहना है कि घटना में गंभीर रूप से घायल एक सदस्य का उपचार बरेली के अस्पताल में चल रहा है। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है।
इस संबंध में सीओ सहसवान ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध कब्जेदारी या अन्य आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(नोट : समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच के निष्कर्ष आना शेष है।)
Budaun Amarprabhat