संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। बिल्सी की बहुप्रतीक्षित रोडवेज बस स्टैंड की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। वर्षों से बेहतर परिवहन सुविधा की आस लगाए बैठे क्षेत्रवासियों को 10 जुलाई को बड़ी सौगात मिलेगी, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करने के साथ जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:25 बजे कृषि मंडी समिति स्थित गेस्ट हाउस, बिल्सी पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड का उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसभा को संबोधित करेंगे। लंबे समय से रोडवेज बस स्टैंड की मांग कर रहे क्षेत्र के लोगों के लिए यह कार्यक्रम विशेष महत्व का माना जा रहा है।
इसके उपरांत दोपहर 2:55 बजे उपमुख्यमंत्री बदायूं रोड स्थित विधायक हरीश शाक्य के कैंप कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह बदायूं पहुंचकर अपराह्न 3:35 बजे निरीक्षण भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे तथा जिले में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे समरेर विकास खंड परिसर में नव निर्मित ऑडिटोरियम का उद्घाटन करेंगे और वहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद वह शाम 5:45 बजे सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खासकर बिल्सी में होने वाले रोडवेज बस स्टैंड के लोकार्पण को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Budaun Amarprabhat