Breaking News

सेफ फ्यूचर अभियान में सख्ती: तीन स्कूली वाहन सीज, आठ के चालान, पांच ओवरलोड ट्रक भी पकड़े

Spread the love

संवाददाता : गोविन्द देवल

बदायूं। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। सेफ फ्यूचर अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले तीन स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि आठ अन्य स्कूली वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच माल वाहनों को भी सीज किया गया।

उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित सेफ फ्यूचर अभियान के अंतर्गत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम तथा यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र न होने पर तीन स्कूली वाहनों को उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज कर दिया गया। वहीं अन्य अनियमितताएं मिलने पर आठ स्कूली वाहनों के चालान किए गए। इसके साथ ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए पांच माल वाहनों को थाना फैजगंज बेहटा, थाना बिसौली एवं परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज कराया गया। कार्रवाई के दौरान करीब तीन लाख रुपये का प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।

परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि विद्यालय वाहनों का संचालन विद्यालययान नियमावली-2019 के प्रावधानों के अनुरूप ही करें। जिन वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें पूर्ण कराने के बाद ही सड़क पर उतारें। साथ ही वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करें।

परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

आकाशीय बिजली गिरने से दो भैंसों की मौत, पशुपालक ने मांगा मुआवजा

Spread the love संवाददाता सुख देवी कछला (बदायूं)। कछला क्षेत्र में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली …

error: Content is protected !!