सहसवान। बदायूँ जनपद के राजनीतिक पटल पर गहरी छाप छोड़ने वाले दिग्गज समाजवादी नेता और सहसवान क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव का आज निधन हो गया। उनके पैतृक गांव सिंघौला पुख्ता में दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।
ओमकार सिंह यादव ने सहसवान विधानसभा क्षेत्र का लंबे समय तक नेतृत्व किया। पांच बार विधायक चुने जाने के साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वे समाजवादी पार्टी के बेहद कद्दावर और जमीनी नेता माने जाते थे। उनके निधन को जनपद के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
दिवंगत नेता के निधन की खबर जैसे ही समर्थकों और क्षेत्रवासियों तक पहुँची, उनके पैतृक आवास पर लोगों का तांता लग गया। समर्थकों की आंखें नम थीं और लोग उनके व्यक्तित्व को याद कर भावुक दिखे। उनके पुत्र ब्रजेश यादव, जो वर्तमान में सहसवान से सपा के विधायक हैं, और परिवार के अन्य सदस्य इस कठिन समय में गहरा दुःख व्यक्त कर रहे हैं।
ओमकार सिंह यादव का निधन न केवल बदायूँ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। समाजवादी पार्टी के आलाकमान से लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं तक, सभी ने उनके निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। कल सुबह उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया उनके पैतृक गांव में संपन्न होगी, जिसमें बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियों और आम जनता के शामिल होने की उम्मीद है।
अमर प्रभात परिवार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
Budaun Amarprabhat