बदायूं। कोविड महामारी में अपने माता-पिता अथवा माता-पिता में से किसी एक को खो चुके बच्चों के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) जनपद के 421 बच्चों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। महिला कल्याण विभाग इन बच्चों को संरक्षण प्रदान करते हुए उनके बेहतर भविष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण और अन्य आवश्यक जरूरतों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है और बच्चों की पढ़ाई भी बिना किसी बाधा के जारी रह सकी है।
महिला कल्याण विभाग के अनुसार योजना का लाभ लेने वाले कई बच्चों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की है। वर्तमान में ऐसे कई छात्र विभिन्न विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
विभाग ने बताया कि अब मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) की आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। ऐसे बच्चे, जिन्होंने अपने माता-पिता अथवा माता-पिता में से किसी एक को खो दिया है, वे पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। महिला कल्याण विभाग ने पात्र परिवारों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
Budaun Amarprabhat