*
*बिल्सी:-* बाबा इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन श्री नरेंद्र बाबू वर्ष्णेय जी का जन्मदिवस विद्यालय परिसर में अत्यंत श्रद्धा, सादगी एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर को उन्होंने किसी औपचारिक समारोह के बजाय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बिताकर उसे यादगार बना दिया।
जन्मदिवस के अवसर पर श्री नरेंद्र बाबू वर्ष्णेय जी पूरे दिन विद्यार्थियों के बीच रहे। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने जीवन के अनेक प्रेरणादायी अनुभव, संघर्ष, सफलता के सूत्र, अनुशासन, शिक्षा के महत्व तथा जीवन में निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, संस्कार, आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने भी अत्यंत उत्सुकता और जिज्ञासा के साथ उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना तथा विभिन्न विषयों पर उनसे प्रश्न पूछे। श्री वर्ष्णेय जी ने बच्चों के प्रत्येक प्रश्न का सहज एवं प्रेरणादायी उत्तर दिया। उनके अनुभवों से विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा और ऊर्जा प्राप्त हुई।
जन्मदिवस के पावन अवसर पर विद्यालय में भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भोग अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत कन्याओं को श्रद्धापूर्वक सहभोज कराया गया। धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए सभी ने भगवान का प्रसाद ग्रहण किया और विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके पश्चात विद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रेमपूर्वक भोजन-प्रसाद वितरित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, सेवा-भाव, सौहार्द और पारिवारिक वातावरण का सुंदर दृश्य देखने को मिला। सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अपने प्रिय चेयरमैन जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर समाज और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की मंगलकामना की।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि यह आयोजन केवल जन्मदिवस का उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, शिक्षा और मानवीय मूल्यों का एक प्रेरणादायी संदेश है, जिसने प्रत्येक विद्यार्थी के मन पर सकारात्मक और अविस्मरणीय छाप छोड़ी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने भी श्री नरेंद्र बाबू वर्ष्णेय जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं यशस्वी जीवन की कामना की। सभी ने कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है और उनके नेतृत्व में विद्यालय निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
Budaun Amarprabhat