बदायूं। शहर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए शुक्रवार को विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने करीब 54 लाख रुपये की लागत से तैयार दो जनहित परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
‘गड्ढा मुक्तिकरण योजना’ के तहत राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा ग्राम कुनार से वरातेगदार चौराहे तक करीब 36 लाख रुपये की लागत से सड़क का सुदृढ़ीकरण कराया गया है। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए आंगनबाड़ी केंद्र का भी लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बदायूं विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पति अनेक पाल पटेल, मंडल अध्यक्ष राघव सिंह चौहान, ग्राम प्रधान अरुण कुमार शर्मा, देवपाल पटेल, दिनेश शर्मा, रविंद्र प्रधान, सचिव मनोज कुमार, प्रधान मलखान, अनूप पटेल, विकास पटेल, सम्राट पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat