बदायूँ। राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को इस्लाम गंज स्थित जिला महासचिव अवनीश कुमार शर्मा के आवास पर आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन की मजबूती और विस्तार पर विशेष चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से कई नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह शाक्य की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में प्रकोष्ठ के विस्तार की घोषणा की गई। संगठन के कार्यों को गति देने के लिए अनिल कुमार शर्मा और विनोद कुमार सिंह को जिला उपाध्यक्ष, मदनपाल को जिला प्रभारी, देव कुमार को जिला संगठन मंत्री, धनपाल सिंह को जिला कोषाध्यक्ष और शिवराज सिंह को जिला कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंह यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और रालोद की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की धरोहर हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को निश्चित रूप से मजबूती प्रदान करेगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने और सामाजिक हितों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर युवा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव योगेश यादव, चिराग चौधरी, जिला महासचिव अवनीश कुमार शर्मा, अधिवक्ता जिलाध्यक्ष फुरकान खान और राजकुमार बघेल सहित रालोद के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
Budaun Amarprabhat