Breaking News

खाद्य प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य, खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया विशेष अभियान

Spread the love

संवाददाता
बदायूं। आगामी श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने रसूलपुर से नवादा, नवादा से मेडिकल कॉलेज और मेडिकल कॉलेज से कछला घाट तक कांवड़ यात्रा मार्ग के दोनों ओर स्थित ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट, स्थायी एवं अस्थायी स्टॉल तथा पंडालों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें तथा बिक्री के लिए उपलब्ध सभी खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची (रेट लिस्ट) भी अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फूड सेफ्टी कनेक्ट एप से संबंधित साइनेज भी लगाए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ता संबंधित प्रतिष्ठान की जानकारी प्राप्त कर सकें।

विभाग ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठानों को श्रावण माह के दौरान मीट, मछली और अंडे की बिक्री बंद रखने के संबंध में भी निर्देशित किया जा रहा है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान के तहत दूध, घी, क्रीम, तैयार सब्जी, खाद्य तेल, मसाले, मिठाइयों और ग्रीन चिली सॉस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। विभाग के अनुसार 1 जुलाई से 17 जुलाई 2026 के बीच कुल 25 नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

हत्या के मामले में दोषी को आजीवन कारावास, छह आरोपी बरी

Spread the loveबदायूं। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बदायूं पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते हत्या …