संवाददाता गोविन्द देवल 
बदायूं। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में रविवार को हरीश चंद्रवंशीय समाज सेवा सदन (रस्तोगी धर्मशाला) में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कासगंज एवं मथुरा से आईं मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी और शिवानी दीदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान जिला संयोजिका मातृशक्ति डॉ. प्रतिभा गुप्ता, सुनीता मिश्रा ने मुख्य अतिथियों के साथ विश्व हिंदू परिषद की जिला उपाध्यक्ष महेशा सिंह और विभाग संयोजिका किरण का तिलक, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया।
मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी ने कहा कि बच्चों को बचपन से अच्छे संस्कार देना हर परिवार की जिम्मेदारी है। संस्कारित बच्चे ही भविष्य में मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति से बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शिवानी दीदी ने बच्चों और माताओं से मोबाइल का सीमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुस्तकों के माध्यम से पढ़ाई करने से बच्चों का ज्ञान बढ़ता है और परिवार के सदस्यों के बीच संवाद भी मजबूत होता है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष महेशा सिंह ने बच्चों को प्रेरक कहानियों और खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से मार्गदर्शन दिया, जबकि किरण ने विभिन्न ज्ञानवर्धक और मनोरंजक खेलों का संचालन कराया।
अभ्यास वर्ग में 30 मातृशक्ति एवं 20 दुर्गा वाहिनी की बहनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डी.एन. शर्मा, सह सेवा प्रमुख राजेश सपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुनीता मिश्रा और श्रद्धा मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी ने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
Budaun Amarprabhat