Breaking News

​कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर परखा सुरक्षा चक्र

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल
​बदायूँ। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट सहित कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने सड़क मार्ग की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस की उपलब्धता और पार्किंग स्थलों का गहनता से मुआयना किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य होनी चाहिए। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सुचारु यातायात के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए ताकि आम जनमानस को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर दिया। यात्रा अवधि के दौरान विभागीय अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर सतत निगरानी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति का त्वरित समाधान करने के आदेश दिए गए।
​सुरक्षित और सुगम यात्रा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

उसहैत में घर से जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी होने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Spread the loveसंवाददाता उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम जाटी निवासी एक परिवार ने घर …

error: Content is protected !!