फैजगंज बेहटा। थाना क्षेत्र के गांव कनुआ खेड़ा में बुधवार देर शाम एक मजदूर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी जगवीर (30) पुत्र ओमपाल घर के बाहर लगे बिजली के मीटर की जांच कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल चंदौसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जगवीर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी गुड़िया और पांच बच्चों आरती, पूजा, लक्ष्मी, हरशू व लवकुश के सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पीआरबी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat